मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पूठ खास मार्ग स्थित श्मशान घाट के भीतर एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह श्मशान घाट के अंदर महिला का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।

घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, लेकिन उसमें लगी सिम कार्ड गायब थी। इसके अलावा शव के पास देसी शराब के खाली पव्वे और टेट्रा पैक भी मिले हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब मोबाइल के जरिए महिला की पहचान और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक महिला के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। इस वजह से मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। वहीं आसपास के लोगों के बीच तंत्र-मंत्र और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।