मेरठ/हरदोई: वाराणसी से मेरठ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की एक बोगी के दो शीशे टूटने की घटना ने सनसनी फैला दी। शुरुआती जांच में पता चला कि रेलवे ट्रैक के किनारे खेल रहे कुछ बच्चों द्वारा फेंके गए पत्थरों के कारण यह नुकसान हुआ।

घटना बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3:30 बजे बलोखर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जब ट्रेन हरदोई रेलवे स्टेशन को पार कर मुरादाबाद की तरफ बढ़ रही थी। ट्रेन की सी-4 बोगी में सीट नंबर 60 और 61 के बीच दो शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी जानकारी तुरंत मुरादाबाद कंट्रोल रूम ने आरपीएफ को दी और गृह विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया।

मौके पर सीओ सिटी अंकित मिश्रा, आरपीएफ कमांडेंट अशोक कुमार और जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक पंकज भास्कर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना के संबंध में पूरी तरह जांच की जा रही है। पता चला कि बलोखर क्रॉसिंग के पास कंजर बस्ती क्षेत्र में कुछ बच्चे लकड़ी और गेंद से खेल रहे थे और उसी दौरान कुछ ने पत्थर फेंके, जो ट्रेन के शीशों से टकरा गए।

आरएपीएफ कमांडेंट ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने का आरोप लगाया गया है।