शाहजहांपुर: रोजा थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी निवासी विशाल उर्फ विक्की ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपने सिर में कील ठोंक ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

परिवारजनों ने बताया कि विशाल शराब का आदी है और कामकाज न करने के कारण अक्सर अपनी मां से पैसे मांगता है। रविवार दोपहर शराब लेने के लिए जब मां ने पैसे देने से इंकार किया, तो वह गुस्से में अपने सिर में लोहे की कील ठोंकने पर मजबूर हो गया।

दर्द से कराहते हुए विशाल को देख उनकी मां ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सिर से कील निकालकर उसकी जान बचाई।

इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।