उन्नाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित उन्नाव दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान कानपुर–लखनऊ एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कराया जा सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों ने किया संभावित स्थल का निरीक्षण
जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और एनएचएआई अधिकारियों ने आजाद मार्ग और लालगंज हाईवे की ओर कोरारी कट के पास कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। लोकार्पण समारोह को लेकर संभावित जगहों का चयन किया गया।
एनएचएआई ने दी स्थिति स्पष्ट
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि फिलहाल प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से किसी भी तरह का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर पीएम के कार्यक्रम की जानकारी 15 से 20 दिन पहले मिलती है, लेकिन अभी तक कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
लखनऊ में भी तैयारियों की चर्चा
अधिकारियों के अनुसार उन्नाव के अलावा लखनऊ में भी कार्यक्रम के संभावित स्थलों को देखा जा रहा है। ऐसे में अंतिम निर्णय पीएमओ की आधिकारिक घोषणा के बाद ही लिया जाएगा।