नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला है।

अपने पोस्ट में चंद्रशेखर आज़ाद ने सवाल उठाया कि जो बाबा दूसरों के जीवन से जुड़े गहरे रहस्य उजागर करने का दावा करते हैं, वे राम के नाम पर हुए कथित बड़े घोटाले के जिम्मेदार लोगों के नाम लेने से क्यों बच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जान से खतरे का बहाना बनाकर सच सामने लाने से परहेज किया जा रहा है।

चंद्रशेखर ने आगे कहा कि “ईश्वर की पर्ची” जैसे दावों के सहारे एक धार्मिक कारोबार खड़ा किया गया, लेकिन जब मंदिर या आस्था से जुड़े कथित विवादों की बात आती है तो चमत्कार के दावे अचानक गायब हो जाते हैं। उन्होंने इसे लेकर भी सवाल उठाया कि आखिर ऐसे दावों की वास्तविकता क्या है।

सांसद ने यह भी कहा कि सदियों से चमत्कार और आस्था के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जाता रहा है, लेकिन अब जनता को समझना चाहिए कि न्याय किसी पर्ची या धार्मिक दावे से नहीं, बल्कि देश के संविधान, कानून और पुलिस जांच की प्रक्रिया से ही मिलेगा।

गौरतलब है कि हाल ही में धीरेंद्र शास्त्री ने राम मंदिर से जुड़े एक बयान में कहा था कि अभी “छोटी मछलियां” ही पकड़ी गई हैं और यदि उन्होंने अपनी “पर्ची” खोली तो बड़े नाम सामने आ जाएंगे, जिससे उन्हें नुकसान भी पहुंच सकता है।