कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। राज्य सरकार ने यात्रियों को आर्थिक सहयोग के रूप में एक लाख रुपये देने का फैसला किया है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
रविवार को आगरा के सर्किट हाउस में पर्यटन और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जो श्रद्धालु यात्रा पूरी कर लौटेंगे, उनके खातों में सरकार एक लाख रुपये की राशि सीधे भेजेगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा का पहला जत्था रवाना हो चुका है, जिसमें 50 श्रद्धालु शामिल हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि शिवाजी स्मारक और संग्रहालय का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, आगरा को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा और विमानन सुविधाओं को भी विस्तार दिया जाएगा। सरकार आगरा के समग्र विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।