यूपी: प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को कराई जाएगी। यह परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से होगी। इसमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका अधिकतम स्कोर 300 अंक होगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस संबंध में परीक्षा प्रक्रिया और ओएमआर शीट भरने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इन विषयों से पूछे जाएंगे सवाल
भर्ती बोर्ड के अनुसार परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक और मानसिक योग्यता, साथ ही मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर दो अंक दिए जाएंगे।

उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम अंक इस प्रकार तय किए गए हैं—

  • अनारक्षित वर्ग: 30 प्रतिशत

  • ईडब्ल्यूएस और ओबीसी: 25 प्रतिशत

  • एससी और एसटी: 20 प्रतिशत

OMR शीट में गलती पड़ सकती है भारी
बोर्ड ने साफ किया है कि ओएमआर उत्तर पत्रक भरते समय की गई किसी भी गलती की जिम्मेदारी पूरी तरह अभ्यर्थी की होगी। यदि शीट पर अनावश्यक निशान या अतिरिक्त लेखन पाया गया तो उत्तर पत्रक रद्द किया जा सकता है।

यह परीक्षा तीन दिनों में कुल छह पालियों में आयोजित की जाएगी और हर पाली का प्रश्नपत्र अलग होगा। अलग-अलग पालियों के अंकों को बराबर करने के लिए नार्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू की जाएगी।

यदि किसी प्रश्न या उसके विकल्पों में त्रुटि पाई जाती है, तो उसे रद्द कर दिया जाएगा और उसके अंक इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा तय व्यवस्था के अनुसार वितरित किए जाएंगे। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।