राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने मंगलवार को पीजीआई पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल लिया। उन्होंने हाथ जोड़कर उनसे नमस्ते किया। कल्याण सिंह ने भी हाथ जोड़कर इशारों में जवाब दिया। राज्यपाल ने पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमन और परिजनों से कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी हासिल की।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक है। वह रविवार से नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन सपोर्ट पर हैं। उन्हें हाई प्रेशर ऑक्सीजन मास्क से ऑक्सीजन दी जा रही है। सीसीएम के आईसीयू में भर्ती श्री सिंह को क्रिटिकल केयर मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन, दिल, गुर्दा, डायबिटीज और न्यूरो के डॉक्टर लगातार देख रहे हैं।

लोहिया संस्थान में कल्याण सिंह की तबीयत बिगड़ने पर चार जुलाई को उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया था। तबसे वह भर्ती हैं। बीच में सुधार हुआ था, लेकिन शनिवार को सांस लेने और पेट में दर्द की तकलीफ बढ़ने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। संस्थान निदेशक डॉ. आरके धीमन ने बताया कि कल्याण सिंह की स्थित अस्थिर है। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा संक्रमण व सेप्सिस के चलते एंटीबायोटिक और एंटीफंगल दवाएं दी जा रही हैं।