मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौ-रक्षक बाबा चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद गौरक्षकों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) को जाम कर दिया। समझाने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुई। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, फरसा वाले बाबा कथित गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे और उन्होंने नागालैंड नंबर की एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान घने कोहरे में पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया।
ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है, जो इस घटना में घायल हुआ था। पुलिस ने कहा कि यह एक हादसा है, हत्या नहीं। एसएसपी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मौके पर मौजूद आक्रोशित लोग इसे सुनियोजित हत्या मान रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग हाईवे पर जुट गए और लंबा जाम लग गया। भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात किया गया।
फरसा वाले बाबा के पार्थिव शरीर को कोसी से आंजनौख स्थित गौशाला लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। ब्रज क्षेत्र में उनकी मौत से शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि बाबा हमेशा गौ-वंश की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।