पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर कोर्ट पेशी के दौरान गोलियां चलाने के आरोप में दोनों हमलावरों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा, निवासी गुलजारपुर थाना काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) ने स्वीकार किया कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के चलते उन्होंने अपने साथी अजय, निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ मिलकर विनय त्यागी की हत्या की योजना बनाई थी। सन्नी और अजय दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; पहले भी काशीपुर में हुई एक डकैती के मामले में ये जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, सन्नी और विनय के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर तनाव था। सन्नी की रकम मांगने पर विनय ने उसे धमकी दी थी कि उसकी हत्या करवा दी जाएगी। इसी विवाद ने सन्नी को विनय की हत्या की साजिश रचने पर मजबूर किया। दोनों आरोपी विनय की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे थे। जब विनय को रुड़की कारागार में शिफ्ट किया गया और उसे लक्सर में पेशी के लिए लाया गया, तब उन्होंने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
वारदात के दिन बुधवार को लक्सर-रुड़की मार्ग पर रेकी करने के बाद सन्नी और अजय ने हमला किया। गोलीबारी के बाद आरोपी बाइक से भागने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते उन्हें बाइक छोड़कर जंगल के रास्ते से भागने का प्रयास करना पड़ा। पुलिस ने खानपुर थाना क्षेत्र के सिंकंदरपुर गांव के पास, बिजनौर हाईवे के जंगल में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों से पूछताछ जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।