नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एंटी-एक्सटॉर्शन और किडनैपिंग सेल ने 28 जनवरी को सोनिया विहार इलाके में एक नकली जूता निर्माण इकाई का खुलासा किया। इस इकाई में नाइकी, एडिडास, न्यू बैलेंस और स्केचर्स जैसे मशहूर ब्रांडों के जूते की नकली कॉपी बनाई जा रही थी। पहले ही इस मामले में इकाई के मालिक संदीप सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान संदीप सिंह के खुलासों के आधार पर नंगलोई इलाके से इदु अंसारी उर्फ राजू को पकड़ा गया। आरोपी नकली जूतों पर अवैध प्रिंटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली डाई डिजाइन करने और बनाने में शामिल था। उसके कब्जे से एक कंप्यूटर सिस्टम, पेन ड्राइव और भारी औद्योगिक मशीनें बरामद की गईं।
साथ ही, मंडोली एक्सटेंशन इलाके में नकली जूतों की एक और असेंबली इकाई का भी भंडाफोड़ किया गया। इस इकाई के संचालक पिंटू को गिरफ्तार किया गया। यहां से हजारों नकली जूते, सोल, अपर, स्टिकर और मशीनरी पुलिस ने जब्त की। पुलिस ने बताया कि पिंटू नकली जूतों की असेंबलिंग और फिनिशिंग में शामिल था।