देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला में बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 133वें एपिसोड को सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मंच के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत की पहल, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े प्रेरक कार्यों को देश के सामने रखते हैं, जिससे लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे छोटे-बड़े प्रयासों को एक राष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम करता है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ बिना रुके लगातार देशवासियों को प्रेरित कर रहा है।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि मेहनत और लगन से किया गया कार्य हमेशा परिणाम देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भारत का मान-सम्मान और आत्मविश्वास हर क्षेत्र में बढ़ा है। भारत आज एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और विज्ञान, रक्षा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत अब रक्षा उपकरणों और हथियारों का अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।