नवादा: बिहार के नवादा जिले में रोह थाना क्षेत्र के कोशी गांव के पास रविवार तड़के पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई। इस दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की आत्मरक्षा में की गई दो राउंड फायरिंग में एक गोली मोटरसाइकिल सवार आरोपी के बाएं पैर में लग गई। घायल बदमाश की पहचान जमुई जिले के लछुआर थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी टिंकू यादव के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर एम्बुलेंस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घायल आरोपी को डायल 112 की मदद से रोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार टिंकू यादव रोह थाना कांड संख्या 30/26 का नामजद आरोपी है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। इसके अलावा वह जमुई जिले के लछुआर, सिकंदरा, चंद्रदीप और कौआकोल थाना क्षेत्रों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में भी वांछित था और क्षेत्र का कुख्यात अपराधी माना जाता है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टिंकू यादव कोशी गांव के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया और नाकेबंदी की गई।
तड़के करीब ढाई बजे पुलिस को उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया। करीब 3:25 बजे पुलिस टीम ने जब दो बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की।
इसी दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली टिंकू यादव के पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।