मसूरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में बारिश से प्रभावित हुए पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक अहम संपर्क मार्ग है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक आवाजाही करते हैं। इसी कारण यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों तरफ से आवागमन के लिए वैली ब्रिज का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इसी स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है और इसे अगले दो से तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुलों के मजबूत नेटवर्क के लिए लगातार काम कर रही है और कई विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सके।

मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को सभी आवश्यक बुनियादी ढांचा कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सके।