देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह उस समय सुर्खियों में आ गया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिसर में छात्रों के बीच विवाद हो गया। इस झगड़े में एक छात्र घायल हो गया, जिसे चाकू लगने की जानकारी सामने आई है।
शनिवार को आयोजित इस छात्रसंघ कार्यक्रम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने अपनी प्रस्तुति दी, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा हमें अपने छात्र जीवन की याद दिलाती है और छात्र केवल भविष्य ही नहीं बल्कि देश का वर्तमान भी हैं।
हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के कुछ समय बाद ही कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच नाच-गाने के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान एक छात्र गौरव को चाकू लगने से वह घायल हो गया।
घायल छात्र को तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।