देहरादून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।

तीनों नेता हरिद्वार के सप्तऋषि मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम भारत की आध्यात्मिक चेतना का आधार हैं। उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों का अपमान देश की विरासत का अपमान माना जाता था, लेकिन अब राम मंदिर का निर्माण हुआ और यह भव्य रूप में सामने आया।

सीएम योगी का निजी कार्यक्रम और अपने गांव का दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निजी कार्यक्रम के लिए पंचूर गांव जाएंगे। वे यहां जनता इंटर कॉलेज, यमकेश्वर में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी शामिल होंगे। सीएम योगी ने अपनी कक्षा 9 की पढ़ाई इसी कॉलेज में की थी।

योगी आदित्यनाथ के शिक्षा विवरण के अनुसार, उन्होंने प्राथमिक शिक्षा पंचूर में प्राप्त की, कक्षा 6 से 8 जूनियर बिथ्याणी, कक्षा 10 खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्रनगर, कक्षा 11-12 भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश और स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार कॉलेज से पूरी की। प्रशासन ने बताया कि यमकेश्वर और बिथ्याणी में हेलिपैड तैयार किया जा रहा है ताकि सीएम के दौरे में कोई व्यवधान न हो।