नई दिल्ली। पेपर लीक विवाद के बीच नीट-यूजी की 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है। एजेंसी ने सोशल मीडिया के जरिए संदेश जारी करते हुए कहा है कि छात्रों को अफवाहों से दूर रहकर केवल अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए।
छात्रों से NTA की अपील
एनटीए ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि परीक्षा की तैयारी के दौरान तनाव या चिंता महसूस हो तो वे मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर 14416 पर सहायता ले सकते हैं। एजेंसी ने कहा कि छात्र अकेले नहीं हैं और मदद मांगना कमजोरी नहीं बल्कि ताकत है।
फोकस सिर्फ पढ़ाई पर रखने की सलाह
एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि उन्होंने पूरे साल मेहनत की है, इसलिए अब अपने प्रयासों पर भरोसा रखें और शांत मन से तैयारी करें। एनटीए ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी, इसलिए सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
अभिभावकों और समाज से भी अपील
एनटीए ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के अन्य वर्गों से भी अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को आगे न फैलाएं। एजेंसी ने कहा कि गलत सूचनाएं छात्रों पर अनावश्यक दबाव बढ़ा सकती हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने का दावा
एनटीए ने भरोसा दिलाया कि इस बार परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर स्तर पर निगरानी और सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
पहले रद्द हुई थी परीक्षा
एजेंसी ने यह भी दोहराया कि 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द करने का फैसला छात्रों के हित में लिया गया था। जैसे ही अनियमितताओं की जानकारी मिली, परीक्षा प्रणाली की साख और ईमानदार छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया।
सिस्टम में सुधार का दावा
एनटीए ने कहा कि पिछली घटनाओं से सीख लेते हुए इस बार व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। एजेंसी ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परीक्षा माहौल को शांत बनाए रखने में मदद करें।