रुद्रप्रयाग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया, जब रुद्रप्रयाग से श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा रुद्रप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे हुआ।
जानकारी के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में आठ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस और रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।
स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।