बिजनौर। नगीना में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज लू से परेशान लोगों को राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद ने विशेष अभियान शुरू किया है। शहर में दो एंटी स्मॉग गनों के जरिए मुख्य सड़कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हो रही है।
दोपहर के समय जब तापमान सबसे अधिक रहता है और सड़कें तपने लगती हैं, उस दौरान पालिका की टीमें एंटी स्मॉग गनों के साथ नगर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रही हैं। पानी की फुहारों से वातावरण में ठंडक बढ़ने के साथ-साथ लोगों को लू से भी राहत मिल रही है।
नगर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक धीरज राय वर्मा ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि एंटी स्मॉग गनों के माध्यम से लगातार मुख्य मार्गों और व्यस्त बाजारों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इस प्रक्रिया से कुछ समय के लिए आसपास का तापमान करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम महसूस होता है, जिससे लोगों को काफी राहत मिलती है।
भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग खाली नजर आने लगी थीं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी गर्म हवाओं और तेज धूप से परेशान दिखाई दे रहे थे। ऐसे में अचानक हुए पानी के छिड़काव ने राहगीरों और दुकानदारों को काफी राहत पहुंचाई।
पालिका कर्मी रोहित कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ गर्मी कम करना नहीं, बल्कि वातावरण में नमी बढ़ाकर उड़ती धूल और प्रदूषण को भी नियंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रखा जाएगा।
नगरवासियों ने पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे गर्मी से राहत दिलाने वाला सकारात्मक कदम बताया है।