पटियाला में गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े पांच सक्रिय सदस्यों को भारी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 10 पिस्तौल और 20 कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर में किसी बड़ी वारदात और टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे।

एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सीआईए टीम अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर साधु बेला रोड के सुनसान इलाके में छापा मारा गया। मौके से पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अर्शदीप सिंह (रसूलपुर सैदा), जतिंदर गुप्ता (गोपाला कॉलोनी), यशवैद उर्फ यौधा (पटियाला), अभिषेक (जींद, हरियाणा) और अखिल अहमद (पटियाला) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और ये हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जेल में रहने के दौरान नशा और हथियार तस्करों के संपर्क में आए थे। रिहाई के बाद यशवैद उर्फ यौधा ने सोशल मीडिया के जरिए अपने नेटवर्क को सक्रिय किया और तरनतारन से जुड़े एक साथी के माध्यम से हथियारों की खेप मंगवाई।

पुलिस का दावा है कि ये हथियार विरोधी गैंग से टकराव और गैंगवार की तैयारी के लिए जुटाए गए थे। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरी डील में किसी हवाला नेटवर्क या अवैध वित्तीय चैनल का इस्तेमाल तो नहीं हुआ।