मुजफ्फरनगर। एसएसपी कार्यालय में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तितावी थाना क्षेत्र के धौलरी गांव से एक परिवार पांच लीटर तेल की केन लेकर पहुंच गया। परिवार पुलिस कार्रवाई से नाराज था और आत्मदाह जैसी आशंका के चलते मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, 10 जून को धौलरी गांव में महेश पाल के परिवार के साथ मारपीट की घटना हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी दुकान में घुसकर न केवल मारपीट की बल्कि लूटपाट भी की। परिवार का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, इसके बावजूद पुलिस ने मामले में सिर्फ शांति भंग की कार्रवाई कर औपचारिकता पूरी कर दी।


इसी कार्रवाई से नाराज होकर महेश पाल अपनी दो महिला परिजनों के साथ सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। उनके हाथ में पांच लीटर तेल की केन देखकर पुलिसकर्मियों को शक हुआ, जिसके बाद तत्काल केन को कब्जे में लेकर संभावित अनहोनी को टाल दिया गया।

इसके बाद एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं और स्थानीय पुलिस उनकी गंभीर शिकायत को अनसुना कर रही है।


वहीं एसपी देहात ने बताया कि कार्यालय में तेल की केन लेकर आना और माहौल को तनावपूर्ण बनाना गंभीर मामला है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास मानते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।