नई दिल्ली। OnePlus अपनी नई N-सीरीज के तहत पहला स्मार्टफोन OnePlus N6 कल यानी 30 जून को भारत में लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी इस डिवाइस को खास तौर पर मिड-रेंज और बजट सेगमेंट के यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश कर रही है, जो कम कीमत में बेहतर परफॉर्मेंस वाला स्मार्टफोन चाहते हैं।
कंपनी ने हाल ही में N-सीरीज को टीज किया था, जिसमें अब पहला मॉडल N6 बाजार में एंट्री करने के लिए तैयार है। यह फोन भारत के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, ‘N’ का मतलब New, Neo और Never Off बताया जा रहा है, जो इसके लगातार परफॉर्मेंस और नए फीचर्स की ओर इशारा करता है।
लॉन्च डिटेल्स और उपलब्धता
OnePlus N6 का लॉन्च इवेंट 30 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसे कंपनी के ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और YouTube चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा। लॉन्च के साथ ही फोन से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
संभावित कीमत
हालांकि कंपनी ने अभी तक इसकी कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार OnePlus N6 की कीमत 18,000 रुपये से 25,000 रुपये के बीच हो सकती है। इस प्राइस सेगमेंट में कंपनी युवा यूजर्स को टारगेट कर रही है। फोन को ब्लैक और ग्रीन कलर ऑप्शन में लॉन्च किए जाने की संभावना है।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
OnePlus N6 में OxygenOS 16 मिलने की उम्मीद है, जिसे लंबे समय तक स्मूथ परफॉर्मेंस देने के लिए ऑप्टिमाइज़ किया गया बताया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि यह सॉफ्टवेयर-हार्डवेयर ऑप्टिमाइजेशन की मदद से लगभग 60 महीने तक बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रख सकता है।
डिजाइन की बात करें तो फोन का लुक हाल के OnePlus स्मार्टफोन्स जैसा हो सकता है, जिसमें फ्लैट एज और पीछे स्क्वायर कैमरा मॉड्यूल देखने को मिल सकता है।
सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी बताई जा रही है। OnePlus N6 में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जिसे लेकर दावा है कि यह सामान्य इस्तेमाल में तीन दिन तक चल सकती है। इसके अलावा, कंपनी का कहना है कि लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद भी बैटरी हेल्थ बेहतर बनी रहेगी।
फोन में 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है, जिससे बड़ी बैटरी होने के बावजूद चार्जिंग तेज हो सकेगी।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6300 सीरीज का 5G चिपसेट और करीब 6GB RAM दिए जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि कंपनी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।