फ्रांस के साथ अनिल अंबानी का समझौता, भारत में बनेगा फाल्कन 2000 जेट

फ्रांस की प्रतिष्ठित विमानन कंपनी डसॉल्ट एविएशन और अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर लिमिटेड (RAL) ने पेरिस एयर शो के दौरान एक महत्वपूर्ण समझौते की घोषणा की है। इस समझौते के अंतर्गत अब भारत में फाल्कन 2000 एलएक्सएस एक्जीक्यूटिव बिजनेस जेट का निर्माण किया जाएगा, जो वैश्विक बाजारों के लिए होगा।

इस साझेदारी के ज़रिए भारत पहली बार उन चुनिंदा देशों—जैसे अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ब्राज़ील—की सूची में शामिल हो गया है जो बिजनेस जेट्स का निर्माण करते हैं। नागपुर में स्थित डसॉल्ट रिलायंस एयरोस्पेस लिमिटेड (DRAL) की आधुनिक उत्पादन इकाई में इन विमानों की असेंबली की जाएगी, जो फ्रांस के बाहर फाल्कन जेट के निर्माण की पहली सुविधा होगी।

भारत को वैश्विक एविएशन में मिलेगी नई पहचान
डसॉल्ट एविएशन के चेयरमैन और सीईओ एरिक ट्रैपियर ने कहा कि DRAL को फाल्कन सीरीज़ के लिए पहला Centre of Excellence बनाना ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके अनुसार यह पहल भारत को अंतरराष्ट्रीय विमानन आपूर्ति श्रृंखला का एक सशक्त हिस्सा बनाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि DRAL में फाल्कन 2000 के पूरे ढांचे और पंखों का निर्माण किया जाएगा, वहीं फाल्कन 6X और 8X के फ्रंट सेक्शन की असेंबली भी यहीं होगी।

‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ की दिशा में मजबूत कदम
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी ने इस सहयोग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ विजन की दिशा में एक अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश की विमानन क्षमता को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा। DRAL इकाई में बड़ी संख्या में तकनीशियनों और इंजीनियरों की नियुक्ति की योजना है। कंपनी 2028 तक मेड इन इंडिया फाल्कन 2000 की पहली उड़ान के लिए तैयार है।

DRAL की विकास यात्रा
डसॉल्ट एविएशन और रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर लिमिटेड की साझेदारी में DRAL की स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी। 2019 से अब तक DRAL ने 100 से अधिक फाल्कन 2000 विमानों के प्रमुख घटकों का निर्माण किया है। अब यह इकाई फाल्कन जेट सीरीज़ के निर्माण में वैश्विक मंच पर एक केंद्रीय भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

Read News: दिल्ली: सरकारी अस्पतालों में क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित करने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here