ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल की छात्रा के अपहरण की सूचना से बुधवार को इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि एक छात्रा किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर स्कूल पहुंची और घटना की जानकारी दी, जबकि दूसरी छात्रा को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की चर्चा है।

हालांकि पुलिस को अब तक इस संबंध में न तो किसी परिजन की ओर से कोई लिखित शिकायत मिली है और न ही स्कूल प्रशासन ने कोई औपचारिक सूचना दी है। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में भी घटना की ठोस पुष्टि नहीं हो सकी है।

कैसे सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में दो नामी स्कूल संचालित हैं, जहां दो नाबालिग छात्राएं पढ़ती हैं। रोज की तरह बुधवार सुबह दोनों स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों को जबरन ले जाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि एक छात्रा को वाहन में बैठा लिया गया, जबकि दूसरी छात्रा किसी तरह दरवाजा धक्का देकर भाग निकली और सीधे स्कूल में पहुंच गई। इस दौरान उसके हाथ में चोट भी आई।

छात्रा ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन को पूरी घटना बताई, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियातन सभी अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी।

पुलिस की स्थिति
बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को स्कूल भेजा गया था और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई है। फिलहाल न तो किसी अभिभावक की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और न ही स्कूल की तरफ से कोई लिखित रिपोर्ट मिली है, इसलिए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।