मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने सबसे पहले उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के प्रभारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। इसके बाद वे सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल. मुरुगन से मिलने पहुंचे।

शाम को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास जाकर उनसे विचार-विमर्श किया। इसके अतिरिक्त गृह मंत्री अमित शाह से भी उनकी बैठक प्रस्तावित रही। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी शिष्टाचार भेंट की।