एअर चाइना फिर शुरू करेगा बीजिंग और दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें: चीनी दूतावास

एअर चाइना बीजिंग और दिल्ली के बीच अपनी सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने जा रही है। यह जानकारी शनिवार को भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने दी।
चीनी दूतावास की प्रवक्ता ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में यू जिंग ने बताया कि बीजिंग और दिल्ली के बीच उड़ानों का फिर से शुरू होना केवल यात्रा तक सीमित नहीं है। यह कदम व्यापार, पर्यटन और भरोसे को बढ़ावा देने के साथ-साथ एससीओ और ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहयोग को भी मजबूत करेगा।
पिछले साल भारत और चीन ने करीब पांच साल बाद हवाई सेवाएं फिर से शुरू की थीं, जिससे दोनों देशों के संबंधों में सुधार के संकेत मिले। 1 फरवरी को एअर इंडिया ने शंघाई और दिल्ली के बीच सीधी उड़ानों की घोषणा की। इसके अलावा, चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने पिछले साल नवंबर में शंघाई–दिल्ली उड़ानें शुरू की थीं।
गलवां घाटी झड़प ने बढ़ाया था तनाव
साल 2020 में गलवां घाटी में हिंसक झड़प के बाद भारत–चीन संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। इस झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे, जबकि चीन ने चार सैनिकों की ही मौत की पुष्टि की थी।
अगस्त 2023 में जोहान्सबर्ग में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने संबंधों में सुधार और तनाव कम करने के प्रयास तेज करने पर सहमति जताई।
छह साल में पीएम मोदी का पहला चीन दौरा
अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने छह साल में पहली बार चीन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शी जिनपिंग से मुलाकात की। यह यात्रा ऐसे समय हुई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और चीन पर कड़े टैरिफ लगाए थे। उसी महीने, चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने नई दिल्ली में कहा कि बीजिंग, अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ का विरोध करता है और भारत के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.