मानसून का कहर: गुरुग्राम से मुंबई तक बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, सड़कों पर लगा लंबा जाम

HIGHLIGHTS
- मानसून की तेज बारिश से दिल्ली-NCR, मुंबई समेत कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी।
- गुरुग्राम में NH-48 पर सड़क धंसने से 8-10 किलोमीटर लंबा जाम लगा, यात्रियों को घंटों परेशानी हुई।
- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन के कारण करीब 19 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, बाद में मलबा हटाकर रास्ता खोला गया।
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में तेज बारिश के बाद जलभराव और यातायात अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर लंबा जाम लगने से लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम में NH-48 पर सड़क धंसने से लगा लंबा जाम
हरियाणा के गुरुग्राम में मंगलवार को बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर बड़ा हादसा सामने आया। नरसिंहपुर क्षेत्र में सनबीम कंपनी के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिसके चलते यातायात प्रभावित हो गया।
सड़क धंसने के बाद इफ्को चौक से नरसिंहपुर तक करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बड़ी संख्या में वाहन चालक घंटों तक फंसे रहे। हालात को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने जयपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की।
बारिश के कारण गुरुग्राम के कई अन्य इलाकों में भी ट्रैफिक की स्थिति खराब रही। हीरो होंडा चौक समेत प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सोशल मीडिया पर भी जलभराव और जाम से जुड़े कई वीडियो सामने आए।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 19 घंटे बाधित रही आवाजाही
महाराष्ट्र में भी बारिश का असर देखने को मिला। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के खंडाला एग्जिट के पास ‘मिसिंग लिंक’ क्षेत्र में भूस्खलन के कारण यातायात करीब 19 घंटे तक प्रभावित रहा।
मलबा गिरने से एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई थी। इसके बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान चलाकर मलबा हटाया और सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया। इस घटना के कारण मुंबई और पुणे के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी समय तक परेशानी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के साथ आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और यात्रा से पहले मौसम व यातायात की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.