पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला, दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप; SSP ने किया निलंबित

HIGHLIGHTS
- पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात और धोखाधड़ी के आरोप लगाए।
- एसएसपी ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर मामले की जांच एसपी साउथ को सौंपी, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला ने पुलिस विभाग के एक दारोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है।
पति के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला
महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 में वह अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए बारादरी थाने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात वहां तैनात दारोगा नरेश बाबू से हुई। महिला का कहना है कि दारोगा ने कार्रवाई में मदद का भरोसा दिलाते हुए उसका मोबाइल नंबर लिया और बाद में लगातार संपर्क में रहने लगा।
नौकरी दिलाने का भरोसा, फिर बढ़ीं नजदीकियां
शिकायत के अनुसार, दारोगा ने महिला को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और अधिकारियों से अच्छे संबंध होने की बात कहकर उस पर विश्वास जमाया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दारोगा का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया।
महिला का आरोप है कि इस दौरान दारोगा ने अपनी पत्नी से अलग होने और उससे शादी करने का वादा किया। इसी भरोसे पर उसने महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
जेवर ले जाने और गर्भपात कराने का भी आरोप
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि फरवरी में दारोगा अपने बेटे की शादी का हवाला देकर उसके जेवर अपने साथ ले गया और बाद में लौटाने का आश्वासन दिया। कुछ समय बाद जब महिला गर्भवती हुई और उसने इसकी जानकारी दारोगा को दी, तो आरोपी ने कथित तौर पर मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उसका गर्भपात करा दिया।
तबादले के बाद विवाद बढ़ा
महिला के अनुसार, दारोगा का तबादला सिरौली थाने में होने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इस बीच आरोपी की पत्नी और परिजन उसके घर पहुंचे और मारपीट तथा धमकी देने का आरोप भी महिला ने लगाया है।
महिला का कहना है कि कुछ दिन पहले दारोगा सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। घटना की जानकारी मिलने पर वह अस्पताल पहुंची और इलाज में आर्थिक मदद भी की। हालांकि बाद में आरोपी अपनी पत्नी और परिवार के साथ चला गया और उससे दूरी बना ली।
एसएसपी ने आरोपी दारोगा को किया निलंबित
महिला ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में दर्ज कराई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच एसपी साउथ को सौंप दी गई है।
एसएसपी ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.