नेपाल के खोटांग में एयर डायनेस्टी हेलीकॉप्टर क्रैश, सभी यात्री सुरक्षित

नेपाल के पूर्वी जिले खोटांग से बड़ी खबर सामने आई है। एयर डायनेस्टी कंपनी का एक हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हेलीकॉप्टर काठमांडू से एक शव लेकर खोटांग जा रहा था। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सौभाग्यवश, किसी की जान नहीं गई, लेकिन एक यात्री को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह 11:51 बजे हुआ। हेलीकॉप्टर 9एन-एएसक्यू खोटांग में उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी असंतुलित होकर जमीन पर गिर गया। खोटांग की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंडेल ने बताया कि सभी सवारियों को सुरक्षित निकाला गया है और केवल एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लैंडिंग के समय तेज हवा और धूल की वजह से पायलट को मुश्किल हुई। एयर डायनेस्टी के अनुसार, हेलीकॉप्टर पायलट सबिन थापा चला रहे थे। कंपनी ने बताया कि पायलट और अन्य यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और कंपनी ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। घायल यात्री को अस्पताल भेजा गया और बचाव के लिए दूसरा हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा गया। अन्य यात्रियों और पायलट को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। स्थानीय पुलिस और अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.