मेले से लौटते वक्त हमला, किशोरी के अपहरण का प्रयास, बचाने में साथी की जान गई

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया इलाके में मेला देखकर लौट रहे एक किशोर, किशोरी और उनके साथी पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जामा थाना क्षेत्र के तातलोई मेले से तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में पथरिया के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने किशोरी को जबरन बाइक से उतारने की कोशिश की। जब लखींद्र सोरेन और डेविड हांसदा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में किशोरी, डेविड हांसदा और लखींद्र सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को देर रात फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं किशोरी और डेविड की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, हालांकि फिलहाल अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक विस्तृत बयान देने से परहेज किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.