भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही हाई अलर्ट

भागलपुर। भागलपुर सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई।
एहतियाती कदम उठाते हुए न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वालों की मेटल डिटेक्टर से सख्त जांच की जा रही है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल आम लोगों के कोर्ट परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
धमकी की खबर मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह व्यवहार न्यायालय पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है।
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और कोर्ट परिसर सुरक्षित है। हालांकि, किसी भी तरह की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.