50 फीट गहरे निर्माणाधीन कुएं में मिट्टी धंसी, सास-बहू मलबे में दबीं; रेस्क्यू जारी

मध्य प्रदेश। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर इलाके में बुधवार को एक निर्माणाधीन कुएं में हुआ दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का कारण बन गया। बामनगांव में खेत में बन रहे करीब 50 फीट गहरे कुएं में काम कर रही सास और बहू अचानक मिट्टी धंसने से मलबे के नीचे दब गईं। घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
खेत में चल रहा था कुएं का निर्माण कार्य
जानकारी के मुताबिक, बामनगांव में एक जनपद सदस्य के खेत में नए कुएं की खुदाई का काम जारी था। बुधवार दोपहर जनपद सदस्य की 60 वर्षीय मां रूपाबाई और 30 वर्षीय पत्नी पिंकीबाई कुएं के अंदर जमा मिट्टी और पत्थर हटाने के लिए नीचे उतरी थीं। इसी दौरान अचानक ऊपर की कच्ची मिट्टी भरभराकर गिर गई और दोनों महिलाएं मलबे में दब गईं।
ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू, बाद में प्रशासन पहुंचा
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिलाओं को निकालने का प्रयास किया, लेकिन भारी मलबे के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम अंकिता जैन, पुलिस बल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तीन जेसीबी मशीनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया, जबकि हालात को देखते हुए पोकलेन मशीन भी बुलाई गई है।
कमजोर मिट्टी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुई खुदाई के कारण कुएं की दीवारों की मिट्टी पूरी तरह स्थिर नहीं हो पाई थी। इसी वजह से अचानक बड़ा हिस्सा ढह गया और दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.