नड्डा की बैठक का स्थल बदला, भाजपा दफ्तर के बाहर सर्वे कर्मियों का हंगामा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज बिहार दौरे पर हैं। थोड़ी ही देर में वह सांसदों, मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करने वाले थे। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भाजपा कार्यालय के भीतर मौजूद रहे, लेकिन बाहर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
दरअसल, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सर्वेक्षण कर्मियों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। वीर चंद पटेल मार्ग पर सैकड़ों कर्मी हाथों में तिरंगा और तकिया लेकर नारेबाजी कर रहे थे। उनकी मुख्य मांग है कि आगामी चुनाव से पहले उन्हें राज्य कर्मी का दर्जा दिया जाए और वेतन वृद्धि सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विभाग द्वारा जिन कर्मियों पर कार्रवाई की गई है, उसे भी वापस लेने की गुहार लगाई गई।
प्रदर्शनकारी कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 16 अगस्त से आंदोलन के बावजूद सरकार ने उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। उल्टा कई कर्मियों का वेतन रोक दिया गया है और कुछ की बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बैठक स्थल में बदलाव
इस विरोध-प्रदर्शन के चलते भाजपा नेतृत्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बैठक का स्थान बदलने का निर्णय लिया। अब यह बैठक पार्टी कार्यालय की जगह राज्य अतिथि गृह में आयोजित की जा रही है। बैठक में शामिल होने आए विधायक, मंत्री और अन्य वरिष्ठ सदस्य गेस्ट हाउस चले गए।
इधर, सर्वेक्षण कर्मियों का धरना-प्रदर्शन जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कर्मियों का कहना है कि सरकार लगातार उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और उनकी जायज़ मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.