मुजफ्फरनगर: सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण मलिक का निधन, जिले में शोक की लहर

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण मलिक का गुरुवार शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह करीब 59 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन को पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है।
शनिवार सुबह होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रवीण मलिक का अंतिम संस्कार शनिवार, 4 जुलाई को सुबह 9 बजे नई मंडी स्थित भोपा रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। परिजनों ने रिश्तेदारों, मित्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देने की अपील की है।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
ग्राम पिन्ना निवासी प्रवीण मलिक, डीसीडीएफ के पूर्व चेयरमैन दल सिंह वर्मा के भतीजे थे। पिछले कई महीनों से उनका इलाज गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित यशोदा अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान गुरुवार शाम करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर मुजफ्फरनगर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
संगठन में निभाई अहम भूमिका
प्रवीण मलिक समाजवादी पार्टी के सक्रिय और जमीनी नेताओं में गिने जाते थे। पूर्व जिला उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सहज व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोगों से उनके अच्छे संबंध थे।

नेताओं और समर्थकों ने जताया शोक
प्रवीण मलिक के निधन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कई लोगों ने इसे जनपद की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
'देहात परिवार' ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.