प्रधानमंत्री ने बिहारवासियों से की मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यवासियों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संदेश जारी करते हुए मतदाताओं से कहा कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने खासतौर पर पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं को बधाई देते हुए लिखा, “बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। मेरी सभी मतदाताओं से अपील है कि वे पूरे जोश के साथ मतदान करें। पहली बार वोट डालने वाले युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई — याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान।”
बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। इस चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर लगभग 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि सुरक्षा कारणों से कुछ क्षेत्रों में यह अवधि शाम 5 बजे तक सीमित की गई है।
पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव, भाजपा के सम्राट चौधरी और मंगल पांडे, जदयू के श्रवण कुमार और विजय कुमार चौधरी शामिल हैं। बाहुबली नेता अनंत सिंह और राजद नेता तेज प्रताप यादव भी इसी चरण में मैदान में हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 10.72 लाख नए मतदाता जुड़े हैं, जिनमें से 7.78 लाख की आयु 18 से 19 वर्ष के बीच है। इन निर्वाचन क्षेत्रों की कुल जनसंख्या लगभग 6.60 करोड़ बताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.