त्विषा शर्मा केस: एसआईटी के पंचनामा गवाह नीरज को समर्थ सिंह के दोस्तों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

हाईप्रोफाइल त्विषा केस में एक नया मोड़ सामने आया है। मामले में विशेष जांच दल (SIT) के पंचनामा गवाह रहे नीरज दुबे ने आरोप लगाया है कि गवाही देने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनके साथ मारपीट भी की गई है। पीड़ित का कहना है कि उन्हें मामले से पीछे हटने और गवाही न देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नीरज दुबे कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में सांची पार्लर संचालित करते हैं। उनका प्रतिष्ठान उस इलाके में स्थित है जहां मुख्य आरोपी समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह का निवास बताया जाता है। त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद जब एसआईटी ने प्रारंभिक जांच शुरू की थी, उस दौरान पंचनामा कार्रवाई में नीरज दुबे को गवाह बनाया गया था।
नीरज दुबे का आरोप है कि इसी वजह से वह कुछ लोगों के निशाने पर आ गए हैं। उनके अनुसार, 30 मई को उनके साथ मारपीट की घटना हुई, जिसमें समर्थ सिंह के मित्र संदीप भट्टाचार्य सहित 4 से 5 लोगों पर हमला करने का आरोप है। पीड़ित का कहना है कि विवाद इस बात पर शुरू हुआ कि उन्होंने इस मामले में गवाही क्यों दी।
आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि गंभीर परिणाम भुगतने और मामले से दूर रहने की धमकी भी दी। नीरज दुबे ने यह भी दावा किया है कि पूरी घटना का वीडियो फुटेज मौजूद है, जिसमें मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है।
घटना के बाद नीरज दुबे ने कटारा हिल्स थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने पीड़ित को पूछताछ के लिए थाने भी बुलाया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.