मौत के 12 दिन बाद हुआ त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि

भोपाल। नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को भोपाल एम्स में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। यह प्रक्रिया हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पूरी की गई, जिसका उद्देश्य मौत के कारणों को लेकर उठ रहे सवालों की स्पष्टता सुनिश्चित करना है। पोस्टमार्टम करीब तीन घंटे तक चला, जिसके बाद दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ टीम वापस लौट गई।
पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया गया। उन्हें लाल जोड़े में अंतिम यात्रा के लिए सजाया गया था। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और उनके भाई ने चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय पुलिस बल के साथ बड़ी संख्या में लोग और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है। सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस प्रकरण पर विशेष सुनवाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ 25 मई को इस मामले की सुनवाई करेगी। अदालत ने इसे एक ऐसी घटना के रूप में दर्ज किया है, जिसमें ससुराल में हुई संदिग्ध मृत्यु और प्रक्रिया संबंधी अनियमितताओं पर सवाल उठे हैं।
ससुराल में मिला था शव, जांच जारी
त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
घटना के बाद करीब 10 दिन तक फरार रहने के बाद पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सात दिन की रिमांड पर भेज दिया। वहीं, सास गिरिबाला सिंह अभी तक पूछताछ के लिए पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुई हैं।
मृतका के भाई ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए सीबीआई जांच की आवश्यकता बताई है। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की आगामी सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.