केंद्रीय मंत्री अठावले पहुंचे झारखंड, पार्टी विस्तार और सामाजिक मुद्दों पर की चर्चा

केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले मंगलवार को झारखंड का दौरा किया। रांची एयरपोर्ट पर राज्य अध्यक्ष शिव उरांव समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में अठावले ने कहा कि झारखंड में आदिवासी, दलित और अति पिछड़े वर्ग के लोग तेजी से RPI की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जो पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि राज्य में संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राज्य में सामाजिक रैली आयोजित की जा रही है, जिससे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा और संगठन की संभावनाओं का आकलन होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड में आदिवासी और पिछड़े समाज की कई गंभीर समस्याएं हैं। RPI हमेशा से इन समुदायों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए काम करती रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही राज्य में उनकी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन जनता का समर्थन RPI के साथ है।
अठावले ने बताया कि वे झारखंड की जमीनी हकीकत और समस्याओं को समझने के उद्देश्य से राज्य आए हैं। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की समीक्षा की जाएगी और सामने आने वाली समस्याओं को भारत सरकार तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। छात्रवृत्ति से संबंधित किसी भी विषय पर वे अधिकारियों से चर्चा के बाद ही ठोस टिप्पणी करेंगे।
रांची एयरपोर्ट से अठावले सीधे मोरहाबादी मैदान स्थित राज्य अतिथि गृह पहुंचे, जहां विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसके बाद वे पुराना विधानसभा मैदान में आयोजित पार्टी रैली में शामिल हुए और जनता को संबोधित किया। पार्टी के झारखंड प्रभारी चंदन कुमार और प्रदीप तिवारी ने कहा कि राज्य में RPI के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं और दलित और आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन मजबूत हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.