26 हजार फीट नीचे आया बोइंग विमान, यात्रियों ने लिखे अंतिम संदेश

टोक्यो/शंघाई। जापान की राजधानी टोक्यो की ओर उड़ान भर रहे एक बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसमें सवार 191 यात्रियों की जान सांसत में पड़ गई। विमान शंघाई से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान के तुरंत बाद उसमें केबिन प्रेशर सिस्टम में खराबी आ गई, जिसके चलते विमान को 26,000 फीट की ऊंचाई से आपात स्थिति में नीचे लाना पड़ा।

10 मिनट में तेजी से नीचे आया विमान
जानकारी के अनुसार, जापान सरकार ने बताया कि उड़ान के कुछ देर बाद विमान के प्रेशराइजेशन सिस्टम में गड़बड़ी का अलर्ट मिला। पायलटों ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया और तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत विमान को नीचे लाया गया। दस मिनट के भीतर विमान को नियंत्रित रूप से काफी नीचे लाया गया।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी
फ्लाइट क्रू द्वारा चेतावनी दिए जाने पर यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर घटनाक्रम साझा किया, वहीं कई ने भावुक संदेश और ‘अंतिम इच्छाएं’ तक लिख डालीं। एक यात्री ने लिखा, “मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि मैं जीवित हूं… पैर कांप रहे हैं। जीवन और मृत्यु के बीच सब कुछ बेमानी लगने लगता है।”

सुरक्षित लैंडिंग के बाद राहत
हालांकि, पायलटों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान को लैंडिंग के बाद तकरीबन एक घंटे तक तकनीकी जांच के लिए रनवे पर ही रखा गया। सभी यात्रियों को बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया।

एयरलाइंस ने जताया खेद, मुआवजे की पेशकश
जापान एयरलाइंस ने घटना को लेकर खेद व्यक्त किया है और यात्रियों को मुआवजे के रूप में प्रति व्यक्ति 10,000 रुपये के बराबर राशि देने की पेशकश की है। कंपनी ने कहा कि तकनीकी कारणों से हुई असुविधा के लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं और जांच जारी है।

Read News: भाजपा हनुमत मंडल की कार्यकारिणी का गठन, कई पदों पर हुई नियुक्तियाँ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here