झारखंड सरकार में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को गुरुवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल कॉल पर जान से मारने की धमकी दी गई। फोन पर धमकी देने वाले ने कहा कि उन्हें 24 घंटे के भीतर खत्म कर दिया जाएगा। मामले की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मंत्री ने इस संबंध में तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, 3 जुलाई की रात एक अनजान कॉलर ने डॉ. अंसारी के निजी मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें खुलेआम धमकी दी। कॉलर ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा, “कान खोलकर सुन लो, 24 घंटे में तुम्हें उड़ा देंगे।” मंत्री ने तत्काल इस मामले को रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा के संज्ञान में दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी जिस मोबाइल नंबर से दी गई, उसकी पहचान की जा रही है। संदिग्ध नंबर के आधार पर रांची पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
दिल्ली प्रवास के दौरान आई धमकी
बताया जा रहा है कि मंत्री डॉ. इरफान अंसारी फिलहाल दिल्ली में हैं। वे राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल अंसारी की तबीयत खराब होने की सूचना पर दिल्ली पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर धमकी मिली। कॉलर ने न केवल धमकी दी बल्कि अशोभनीय भाषा का भी प्रयोग किया।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
डॉ. इरफान अंसारी झारखंड के जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के टिकट पर तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। वर्तमान में वे राज्य सरकार में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के पद पर हैं। इससे पहले वे ग्रामीण विकास मंत्री भी रह चुके हैं। अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए चर्चा में रहने वाले डॉ. अंसारी इस बार गंभीर धमकी के चलते सुर्खियों में हैं।
पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।
Read News: हरिद्वार में होटल सत्यापन को जा रहे स्वामी यशवीर को नारसन बॉर्डर पर रोका