छत्तीसगढ़: रायगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे चिराईपानी पहाड़ के पास हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय जयप्रकाश के रूप में हुई है, जो लैलूंगा थाना क्षेत्र के पाकुट गांव का निवासी था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में है और इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षतिग्रस्त पुलिया ही इस हादसे की मुख्य वजह है। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रशासन को इसकी मरम्मत के लिए अवगत कराया जा रहा है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत कर इसे दुरुस्त करने की मांग की है।