नई दिल्ली। आठवें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अहम प्रगति हुई है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने व्यय विभाग के तहत गठित 8वें वेतन आयोग में दो वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

सरकारी निर्णय के अनुसार, यह नियुक्तियां लेटरल ट्रांसफर के आधार पर की गई हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय में वर्तमान में उप सचिव के रूप में कार्यरत स्मिता मोल एम.एस. को अब 8वें वेतन आयोग में भी उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, इस्पात मंत्रालय में निदेशक पद पर तैनात अंबिका आनंद को आयोग में निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों के साथ आयोग से जुड़े कामकाज को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि वेतन ढांचे और सेवा शर्तों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य इसी आयोग के दायरे में आते हैं।