संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। यह परिणाम लिखित परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) के आधार पर तैयार किया गया है। आयोग ने कुल 958 अभ्यर्थियों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।

इस वर्ष परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रहीं, जबकि तीसरा स्थान अकांश ढुल को मिला है। सिविल सेवा की लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी और इसके बाद इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित हुए थे।

चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अन्य केंद्रीय सेवाओं (ग्रुप ‘A’ और ‘B’) में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई है।

श्रेणीवार चयनित उम्मीदवार

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चयनित 958 अभ्यर्थियों में विभिन्न वर्गों के उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें 317 सामान्य वर्ग के, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के, 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के, 158 अनुसूचित जाति (SC) के और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवार हैं।

कुछ उम्मीदवारों का चयन अस्थायी

UPSC ने बताया कि 348 उम्मीदवारों का चयन फिलहाल अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की जांच के बाद ही उनके चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। आयोग ने यह भी कहा है कि अभ्यर्थियों के अंक परिणाम घोषित होने के करीब 15 दिनों के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

टॉप 20 उम्मीदवारों की सूची

जारी मेरिट सूची के अनुसार अनुज अग्निहोत्री पहले स्थान पर रहे। उनके बाद राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। शीर्ष 20 में राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जिनिया अरोड़ा, ए.आर. राजा मोहिद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन, उज्ज्वल प्रियांक, यशस्वी राज वर्धन, अक्षित भारद्वाज, अनन्या शर्मा, सुरभि यादव, सिमरनदीप कौर, मोनिका श्रीवास्तव, चितवन जैन, श्रुति आर, निसार दिशांत अमृतलाल और रवि राज भी शामिल हैं।

रिक्तियों का विवरण

केंद्र सरकार की ओर से इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 1087 पदों की जानकारी दी गई थी। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 180 पद, भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 55 पद और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 150 पद शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय सेवाओं के ग्रुप ‘A’ में 507 और ग्रुप ‘B’ में 195 पद भरे जाने हैं।

श्रेणीवार देखें तो कुल रिक्तियों में 446 पद सामान्य वर्ग, 104 EWS, 306 OBC, 158 SC और 73 ST वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इसके साथ ही दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के लिए भी 42 पद आरक्षित रखे गए हैं, जिनमें PwBD-1 के 10, PwBD-2 के 14, PwBD-3 के 9 और PwBD-5 के 9 पद शामिल हैं।