मुंबई: 31 जनवरी की रात करीब 12.45 बजे जुहू स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गठित मुंबई एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक बाइक भी जब्त की है।
इसके साथ ही पुलिस ने इस पूरे हमले के पीछे काम कर रहे मास्टरमाइंड की पहचान भी कर ली है।
कौन है साजिश का सूत्रधार
जांच में सामने आया है कि इस फायरिंग की योजना बनाने वाला शुभम लोंकर है, जो कुख्यात बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। शुभम महाराष्ट्र के अकोला जिले का रहने वाला है। शुरुआती दिनों में वह खेती करता था और एक गौशाला में भी काम करता रहा, लेकिन बाद में उसने अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अक्टूबर 2024 में शुभम का नाम बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आया था। इसके अलावा वह सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में भी संदेह के घेरे में रहा है। जनवरी 2024 में अकोला पुलिस ने उसे हथियारों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था, हालांकि वह बाद में जमानत पर बाहर आ गया।
जमानत पर छूटने के बाद जैसलमेर में उसकी मुलाकात बिश्नोई गैंग के सदस्यों से हुई, जिसके बाद वह इस गिरोह में शामिल हो गया और बाद में पुणे जाकर सक्रिय हो गया।
गिरफ्तार आरोपी और फरार शख्स
मुंबई एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने शुभम लोंकर के साथ जिन चार लोगों को पकड़ा है, उनमें आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, समर्थ शिवशरण पोमाजी और स्वप्निल बंदू सकट शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के पीछे की पूरी साजिश और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही हैं।