नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जब सोमवार को चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं, तो वहां मौजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से सवाल किया कि जहां-जहां वह जा रही हैं या ठहर रही हैं, वहां इतनी सख्त सुरक्षा क्यों लगाई गई है।

इस पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (क्राइम ब्रांच) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ममता बनर्जी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसी कारण निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दिल्ली में भी उन्हें उसी स्तर की सुरक्षा दी जा रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी राजधानी पुलिस के पास है और इस बारे में पश्चिम बंगाल पुलिस पहले ही दिल्ली पुलिस को सूचना दे चुकी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए चाणक्यपुरी और हेली रोड स्थित बंग भवन में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए।

देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस समय-समय पर सुरक्षा कार्यों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की सहायता लेती है और ममता बनर्जी की सुरक्षा में भी यही व्यवस्था अपनाई गई है। उन्होंने साफ किया कि सोमवार को कोई भी पुलिसकर्मी बंग भवन के अंदर नहीं गया और वहां रहने वालों की आवाजाही पर किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई।

पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि एक राजनीतिक दल के 150 से 200 समर्थक बंगाल से दिल्ली आए हुए हैं, जो दक्षिण, मध्य और नई दिल्ली के विभिन्न होटलों व गेस्ट हाउसों में ठहरे हैं। इसके अलावा यह आशंका भी थी कि वहां वीवीआईपी और वरिष्ठ नेता पहुंच सकते हैं, इसलिए संबंधित इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इन दिनों संसद का बजट सत्र चल रहा है, जिसके चलते राजधानी में सुरक्षा पहले से ही सख्त है। इसी के तहत होटलों, गेस्ट हाउसों और संदिग्ध गतिविधियों की नियमित जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।