नेपाल में रविवार को हुए विमान हादसे ने पूरी दुनिया के लोगों को सदमे में डाल दिया है। इस विमान में 68 यात्री समेत 72 लोग सवार थे, जिनमें 69 शव अब तक बरामद कर लिए गए हैं। यह विमान काठमांडू से पोखरा जा रहा था, लेकिन अपनी तय जगह पर पहुंचने से पहले ही दुघर्टना का शिकार हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्लेन में नेपाल की मशहूर लोक गायिका नीरा छ्न्त्याल भी सवार थीं। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में उनका नाम भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि नीरा पोखरा में होने वाले एक संगीत कार्यक्रम में शिरकत करने जा रही थीं। नीरा नेपाली म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम थीं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर अपने गाने शेयर किया करती थीं। यूट्यूब पर उनके गानों को काफी पसंंद किया जाता है। महीने भर पहले ही उन्होंने यूट्यूब पर अपना नया गाना अपलोड किया था, जिसे उनके फैंस ने काफी सराहा था। पिरतीको डोरी समेत उनके कई गाने नेपाल में काफी ज्यादा लोकप्रिय हैं।
बता दें कि नेपाल की यति एयलाइंस का विमान ATR-72 ने रविवार को काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 68 यात्री समेत 72 लोग सवार थे। इस विमान में को-पायलट अंंजू खतिवाड़ा ने भी अपनी जान गंवा दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक अंजू की यह आखिरी उड़ान थी। इससे कुछ साल पहले अंजू के पति की भी विमान हादसे में जान गई थी।