पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक विमान भारी बारिश के कारण लाहौर हवाई अड्डे पर लैंड करने में विफल रहा। इस वजह से वह करीब 10 मिनट तक भारतीय हवाई क्षेत्र में भटकता रहा। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में रविवार को यह जानकारी दी गई।  

'द न्यूज' की खबर के मुताबिक, चार मई को रात आठ बजे मस्कट से लौट पीआईए का पीके248 विमान भारी बारिश के कारण लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करने में नाकाम रहा। इसमें कहा गया है कि पायलट ने हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास किया, लेकिन बोइंग 777 विमान अस्थिर हो गया और उतर नहीं सका।

अखबार ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के निर्देश पर पायलट ने गो-अराउंड एप्रोच शुरू किया, जिस दौरान वह भारी बारिश और कम ऊंचाई के कारण अपना रास्ता भटक गया। 292 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 13,500 फुट की ऊंचाई पर उड़ान भरने वाला यह विमान बधाना पुलिस थाने से भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ।

भारतीय पंजाब के तारन साहिब और रसूलपुर शहर से होकर 40 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद विमान नौशहरा पन्नियां से वापस लौट आया। भारतीय हवाई क्षेत्र में उड़ान भरते समय कैप्टन विमान को 20,000 फीट की ऊंचाई तक ले गए और विमान ने सात मिनट तक भारतीय हवाई क्षेत्र में उड़ान भरी। 

इसके बाद विमान ने भारतीय पंजाब के झगियान नूर मुहम्मद गांव के पास से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में फिर से प्रवेश किया। इसके बाद विमान ने पाकिस्तानी पंजाब के कसूर जिले के डोना मब्बोकी, चंट, धूपसारी कसूर और घाटी कलंजर गांवों के रास्ते भारतीय हवाई क्षेत्र में फिर से प्रवेश किया।

तीन मिनट बाद विमान भारतीय पंजाब के लक्खा सिंहवाला हितहर गांव से पाकिस्तानी क्षेत्र में फिर से घुस गया। उस समय विमान 320 किलोमीटर की रफ्तार से 23,000 फुट की ऊंचाई पर था। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद विमान ने मुल्तान के लिए उड़ान भरी। अखबार ने कहा कि विमान ने करीब 10 मिनट तक भारतीय क्षेत्र में कुल 120  किलोमीटर की दूरी तय की।