पाकिस्तान के एक अशांत आदिवासी जिले के एक तहसील भवन परिसर में गुरुवार को दो विस्फोट हुए। इसमें कम से कम एक पुलिसकर्मी की मौत, जबकि चार घायल हो गए।
बचाव अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर की सीमा से लगे खैबर आदिवासी जिले में बारा तहसील भवन में हुए। हमलावर ने तहसील भवन के अंदर स्थित एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया। इसके बाद, पुलिस और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
इमारतें भी क्षतिग्रस्त
बताया जा रहा कि विस्फोट में आसपास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घायलों को पेशावर के हयाताबाद मेडिकल कॉम्प्लेक्स में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में कहा गया है कि धमाकों में कई पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकवादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
कल भी हुआ था हमला
गौरतलब है, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) संगठन जो देश भर में शरिया कानून के लिए लड़ रहा है, ने हाल के महीनों में सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। इससे पहले, बुधवार रात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस चौकी पर प्रतिबंधित आतंकवादी समूह के हमले में दो पाकिस्तानी पुलिसकर्मी मारे गए थे।