‘सिख्स ऑफ अमेरिका’ के संस्थापक एवं अध्यक्ष जसदीप सिंह जेसी ने खालिस्तान के पक्ष में बोलने वाले तत्वों को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में इन गतिविधियों को बढ़ावा मिला, लेकिन नए नेतृत्व में यह प्रवृत्ति कमजोर होती दिखाई दे रही है। उन्होंने ट्रूडो को कनाडा का अब तक का सबसे कमजोर प्रधानमंत्री बताया और कहा कि उनके प्रधानमंत्री रहते हुए भारत विरोधी विचारों को प्रश्रय मिला, जो अब समाप्त हो रहा है।
जेसी ने उम्मीद जताई कि मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने से हालात में सुधार होगा और खालिस्तान समर्थकों का असर धीरे-धीरे खत्म होगा। उन्होंने कहा, “अब कनाडा में खालिस्तानी प्रभाव नगण्य हो चला है। विदेशों में रहने वाले अधिकांश सिख भारत और पंजाब से जुड़ाव रखते हैं और देश की तरक्की में विश्वास करते हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग खालिस्तान आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, वे सिख धर्म के सिद्धांतों का पालन नहीं करते। इसलिए, उन्हें सिखों की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।
भारत-कनाडा संबंधों पर सकारात्मक टिप्पणी
जसदीप सिंह जेसी ने जी7 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने के कनाडा सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने इसे भारत और कनाडा के बीच मजबूत होते संबंधों की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया। जेसी ने पीएम मोदी को आमंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की सराहना करते हुए इसे दोनों देशों के लिए एक नई शुरुआत करार दिया।
खालिस्तानी तत्वों पर अवैध गतिविधियों का आरोप
जेसी ने कहा कि खालिस्तान के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं, जिनमें मानव तस्करी और झूठे आव्रजन वादे शामिल हैं। उन्होंने गुरपतवंत सिंह पन्नू जैसे लोगों पर प्रवासी युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन के आने के बाद इन गतिविधियों पर रोक लगी और अब इनकी जांच भी शुरू हो चुकी है।
धार्मिक स्थलों पर हमलों की निंदा
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन मंदिरों और पूजा स्थलों पर हमले निंदनीय हैं और सिख धर्म के मूल्यों के खिलाफ हैं। जेसी ने कहा कि सिखों और हिंदुओं के बीच भाईचारा है, और सभी धर्मों का सम्मान करना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय से एकजुट रहने और विभाजनकारी ताकतों से दूर रहने की अपील की।