छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी। मुठभेड़ जिले के दक्षिणी जंगलों में करीब सुबह 7:30 बजे शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम एंटी-नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फायरिंग का सिलसिला अभी भी जारी है। मौके से एक मृत नक्सली और एक एके-47 राइफल बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही और विवरण साझा किया जाएगा।
राज्य में इस साल अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 23 माओवादी मारे जा चुके हैं। बीजापुर सहित बस्तर क्षेत्र के सात जिलों में तीन जनवरी को हुई मुठभेड़ों में 14 माओवादी ढेर किए गए थे।
पिछले वर्ष, छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कुल 285 माओवादी मारे गए थे। केंद्र सरकार ने इस साल 31 मार्च तक पूरे देश से लेफ्ट-विंग एक्सट्रीमिज्म को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।